Makar sakranti:- ऐलनाबाद, 14 जनवरी( रमेश भार्गव )
Makar sakranti: शहर की पंचमुखी चौक पर आज मकर संक्रांति के अवसर पर शहर के प्रमुख समाजसेवी जनों ने जन सहयोग से विशाल भंडारा लगाकर दान पुण्य किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को जलेबी और पकोड़ों का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे के मुख्य आयोजक साहबराम गोदारा, विनोद जसरासरिया, गोपाल लड्ढा व कृष्ण लाल बंसल ने बताया कि ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान सूर्य अपने पुत्र शनि से मिलने स्वयं उनके घर जाते हैं। शनि मकर राशि के स्वामी है। इसलिए इस दिन को मकर संक्रांति के नाम से जाना जाता है।
पवित्र गंगा नदी का भी इसी दिन धरती पर अवतरण हुआ था, इसलिए भी मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता हैं। इस दिन सूर्य देव की विशेष पूजा का विधान है। ऐसा कहा जाता है कि अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य ग्रह की स्थिति कमजोर है, तो मकर संक्रांति के दिन दान और पुण्य करने से लाभ और शुभ फल की प्राप्ति होती है।
मकर संक्रांति पर दान करना शुभ माना जाता है। इसका धार्मिक महत्व यह है कि इससे दान करने वाले को सुख और समृद्धि मिलती है। शनिदेव को सरसों का तेल बहुत प्रिय है। इसलिए, उनका आशीर्वाद पाने के लिए मकर संक्रांति पर सरसों के तेल का दान किया जाता है।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। इधर, शहर की सिरसा रोड पर स्थित भाईचारा ट्रक यूनियन की ओर से मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में विशाल गुरु का लंगर लगाया गया। जिसमें राहगीरों को दूध व ब्रैड का प्रसाद वितरित किया गया। भाई भाईचारा ट्रक यूनियन के प्रधान बृजलाल ने कहा कि मकर संक्रांति का त्यौहार भाईचारा का प्रतीक है।
इस दिन सब लोग आपस में एक दूसरे के साथ मिलकर समानता के प्रतीक त्यौहार को मनाते है। ट्रक यूनियन समय समय पर इस पुण्य के कार्य करती रहतीं हैं। इस मौके पर सूबा सिंह सरां, कुलदीप सिंह, मलकीत सिंह, काका भुल्लर, नानक सिंह व भाईचारा ट्रक यूनियन के सभी सदस्य मौजूद रहे।