Haryana News

Haryana News: भाजपा नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana News: नायब सैनी और मनोहर लाल ने किया दावा – महाराष्ट्र और झारखंड में बनेगी भाजपा की सरकार

ऐलनाबाद,20 नवंबर(रमेश भार्गव )

Haryana News: भारतीय जनता पार्टी की बैठकों का दौर दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय पंचकमल में आज कोर ग्रुप एवं सांसदों की बैठक हुई।

बैठक में सरकार की योजनाओं, संगठनात्मक विषयों, सदस्यता अभियान, नगर निकाय चुनाव समेत संगठन को और मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, किरण चौधरी, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु समेत तमाम नेता मौजूद रहे। कोर ग्रुप की बैठक के बाद सीएम आवास पर भी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी एवं विधानसभा प्रवासी प्रभारियों की भी बैठक हुई। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। कोर ग्रुप की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया और कांग्रेस को भी घेरा।

मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन का मुकाबला महा विकास अगाड़ी से नहीं बल्कि महाविनाश अगाड़ी से है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्वा वाली सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि महाविनाश अगाड़ी में जिस तरह के नेता हैं वे भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और उन पर मामले दर्ज हैं। नगर निकाय चुनाव के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय के चुनावों को जल्द ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर सदस्तया अभियान चल रहा है। बीजेपी ने सदस्यता अभियान में 50 लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है उसको लेकर योजना और रणनीति बनी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में कार्यकताओं ने कड़ी मेहनत की थी, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी गति के साथ काम कर रही है और हमें तीव्र गति के साथ आगे भी काम करना है उसको लेकर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा हुई है।

एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 50-55 साल शासन किया। देश के लोगों को कांग्रेस से अपेक्षाएं थी, लेकिन कांग्रेस ने लोगों की अपेक्षाओं को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने खुद की अपेक्षाएं पूरी की, लेकिन लोगों को उनकी अपेक्षाओं से वंचित रखा।

आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय सड़के नहीं थी, मेडिकल कॉलेज नहीं थे, शिक्षा के क्षेत्र में भी अभाव था। देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी के शासन को देख लिया, इसलिए कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया। श्री सैनी ने कहा कि अब कांग्रेस के नेता देश के लोगों का ध्यान बांटने में लगे हुए हैं।

कांग्रेस नेताओं द्वारा जातिगत जनगणना और राहुल गांधी द्वारा चलाए जाने वाले कार्यक्रमों के सवाल पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही तब जनगणना क्यों नहीं करवाई?

कांग्रेस ने पिछड़ों, गरीबों, वंचितों से केवल वोट लिए और उनका शोषण किया। कांग्रेस के राज में गरीब व्यक्ति को कुछ नहीं मिलता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार गरीब की सुध ले रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व की सरकार ने अंतिम छोर तक गरीब व्यक्ति के घर तक लाभ पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में विकास के अनेकों काम किए हैं। मोदी सरकार के कामों की बदौलत महाराष्ट्र और झारखंड में भी बीजेपी व एनडीए की सरकार बनेगी। विपक्षी पार्टियों को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में डबल इंजन की सरकार नहीं है उन राज्यों की सरकार लोगों को सुविधाओं से वंचित रखती है।

पश्चिम बंगाल, पंजाब और हिमाचल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इन राज्यों की सरकारें केंद्र की योजनाओं से जनता को वंचित रख रही है।

हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने से लोग खुश, कार्यकर्ताओं में भी उत्साह : मनोहर लाल

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई है। संगठन की आगामी रणनीति क्या होगी इस पर भी मंथन हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन और निकाय के चुनाव समेत सदस्यता अभियान सहित तमाम मुद्दों पर सुझाव लिए गए और रणनीति पर चर्चा हुई।

मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद जो जो फैसले किए हैं उनसे लोग खुश हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी और उनका मंत्रिमंडल 5 साल में संकल्प पत्र के तमाम वादों को पूरा करेंगे।

मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बीजेपी की हरियाणा में हुई जीत के कारण अच्छा माहौल बना है जिसका पूरे देश में असर हुआ है। महाराष्ट्र और झारखंड में बीजेपी व एनडीए की सरकार बनेगी।

स्मार्ट व प्रीपेड मीटर लगाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर का मुद्दा पहले से चल रहा है इसके तहत प्रीपेड मीटर लगाने हैं। पहले चरण की शुरुआत सरकारी बिल्डिंगों, सरकारी कॉलोनी और सरकारी कर्मचारियों के घरों से की जाएगी। इसके बाद बड़े लोड के मीटरों को प्रीपेड मीटर के रूप में शुरू किया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा इससे एल एंड टी लॉस काम होगा और विभाग को लाभ होगा।

हरियाणा विधानसभा के नए भवन को लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का नया भवन बनना है उसमें किसी तरीके के टकराव की बात नहीं होगी। यूटी के साथ एक प्रक्रिया है उस को पूरा किया जा रहा है। हरियाणा को विधानसभा भवन की जरूरत है और उस पर हम आगे बढ़ रहे हैं।

मनोहर लाल ने कहा पंजाब के पास विधानसभा में जो जगह है वह संयुक्त पंजाब के वक्त से उनके पास है, लेकिन हरियाणा विधानसभा का जो सदन है वह विधान परिषद हुआ करती थी जो काफी छोटा है।

मनोहर लाल ने कहा कि परिसीमन के बाद नई विधानसभा बननी है, इसलिए नया विधानसभा भवन की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में चंडीगढ़ को जमीन देने का सहमति से एग्रीमेंट हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब चाहे तो वह भी इस तरह का कोई एग्रीमेंट कर सकता है इससे हमें कोई आपत्ति नहीं है।

संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत किया जाएगा : डा. सतीश पूनिया

भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति और संगठन के काम की प्रणाली का एक हिस्सा है। कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी के प्रमुख नेताओं ने सरकार और संगठन के मसलों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सदस्यता अभियान चल रहा है। 50 लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का बड़ा लक्ष्य है उसे जल्द पूरा किया जाएगा। डा. पूनिया ने कहा कि आज की बैठक में संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत कैसे किया जाए इस पर भी चर्चा हुई है।

डा. पूनिया ने कहा कि पार्टी ने जो चुनाव से पहले संकल्प पत्र दिया था उसे आने वाले समय प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार अच्छा काम कर रही है। सरकार के कार्यों से कार्यकर्ता और जनता दोनों खुश हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी देशभर में संगठन की प्रक्रिया चल रही है, सदस्यता अभियान भी उसी का हिस्सा है। सदस्तया अभियान के बाद बूथ, मंडल, जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव होंगे। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बैठकों में विधायकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी बातें रखी हैं जिन पर अमल किया जाएगा।

हरियाणा में डबल इंजन की सरकार और तेज गति से नॉन-स्टॉप विकास करेगी : पंडित मोहन लाल बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार नॉन-स्टॉप विकास करेगी। विकास की गति को और तेज कैसे किया जाए इस पर कोर ग्रुप की बैठक में चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करने पर चिंतन और मंथन किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों व चुनाव की रणनीति बनाई गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हरियाणा की जनता नायब सरकार के कार्यों से खुश हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास नगर निगम, नगरपरिषद, नगरपालिका चुनाव में भी ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

bajra garlic roti: सर्दियों में होती है जब हेल्दी फूड की बात, तो शानदार साबित होगी यह डिश Om Prakash Chautala से जुड़ीं वो बातें… जिन्हें हर कोई नहीं जानता; सियासी सफर से बनाई अलग पहचान scariest horror movie: 100 में से 1 आदमी ही देख पाएगा पूरी, कमजोर दिल वाले रहें दूर! शुभ है घर में इन 3 जीवों को पालना, पैसों से भरी रहेगी जेब